उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान प्राप्त शिक्षक अरविंद सोलंकी का विद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत..

समाचार पोर्टल डिस्कवर उत्तराखंड 24 द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान से नवाजे गए शिक्षक अरविंद सोलंकी का विद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

Warm welcome of solanki after being awaarded

विगत 22 अक्टूबर को कोटद्वार में समाचार पोर्टल डिस्कवर उत्तराखंड 24 द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी के हाथों उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान प्राप्त कर दशहरा अवकाश के पश्चात आज विद्यालय पहुँचने पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़, देहरादून के प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी का विद्यालय की शिक्षिकाओं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं भोजनमाताओं ने जोरदार स्वागत किया।

स्वागत के क्रम में सर्वप्रथम विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष, विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं भोजनमाताओं ने पुष्पगुच्छ तथा पौधा भेंटकर प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी का स्वागत किया।
इस अवसर पर बोलते हुये विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुदेश देवी ने कहा कि प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी ने जब से विद्यालय में कार्यभार ग्रहण किया है तब से विद्यालय में निरंतर विकास हुआ है, उनके पाँच साल के कार्यकाल में विद्यालय की छात्र संख्या ढाई गुना बढ़ गयी है। विद्यालय के छात्र निरंतर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

उत्तराखंड गौरव रत्न से सम्मानित होने वाले अरविन्द सोलंकी देहरादून के विकासखंड रायपुर में राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।
अरविन्द सोलंकी अपने कार्यों के प्रति पूरी तरह से समर्पित हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिये इससे पूर्व भी उन्हें वर्ष 2018 में गवर्नर्स अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2022 में जनपद स्तर पर स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित होने वाला उनका विद्यालय पूरे जनपद में एकमात्र राजकीय प्राथमिक विद्यालय था। 15 अप्रैल 2017 को प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यभार ग्रहण करने पश्चात अरविन्द सोलंकी ने सबसे पहले विद्यालय में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए कार्य किया। जो छात्र संख्या वर्ष 2017 में मात्र 61 थी वह उनके तथा सहयोगी शिक्षकों के अथक प्रयास से बढ़कर 2022 में 157 हो गयी। साथ ही उन्होंने विद्यालय के लिए भौतिक संसाधन जुटाने का भी कार्य किया। उनके विद्यालय के छात्र विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करते आ रहे हैं। प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी द्वारा विद्यालय में अपने संसाधनों से एक स्मार्ट टीवी लगाया गया है जिसका उपयोग छात्रों को ऑडियो विजुअल माध्यम से शिक्षक के लिए किया जा रहा है, जिसका छात्रों को बहुत लाभ मिल रहा है। साथ ही उनके द्वारा विद्यालय में इंटरनेट सुविधा के लिये ब्रॉडबैण्ड कनेक्शन भी लगवाया गया है जिसके माध्यम से स्मार्ट टीवी पर छात्रों को पठन-पाठन करवाया जा रहा है। विद्यालय में आईसीटी के अनुप्रयोग के लिए उन्हें वर्ष 2021 तथा 2022 में लगातार डायट देहरादून द्वारा आईसीटी अभिनव प्रयोग सम्मान भी प्रदान किया गया है।

सम्मान और स्वागत हेतु आभार व्यक्त करते हुए अरविन्द सोलंकी ने बताया कि उनकी इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय की शिक्षिकाओं के अथक परिश्रम एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के निरंतर सहयोग को जाता है। शिक्षकों द्वारा बेहतर शिक्षण तकनीकों के प्रयोग एवं घर पर पठन-पाठन में अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय के छात्र निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुदेश देवी, प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी, सहायक अध्यापिकायें उषा चौधरी, रुचि सेमवाल, मधुलिका भोजनमातायें लक्ष्मी देवी, विमला देवी तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

%d