Har ghar tiranga।। तिंरगा फहराएं मगर इतना ध्यान रहे

इस वर्ष पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है भारत सरकार के द्वारा हर घर तिरंगा अभियान की घोषणा की गई है ।इसके तहत आगामी 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया है। आप भी अवश्य अपने घर पर तिरंगा अवश्य फहराएं,लेकिन तिरंगे की शान में कोई गुस्ताखी ना होने पाए।इसे हम पूरा सम्मान दें।इसलिए जानते हैं कुछ जरूरी बातें इस आलेख में….

आम आदमी को तिरंगा फहराने का अधिकार कैसे मिला

क्या आप जानते हैं कि भारतीय संविधान में की गई मूल व्यवस्था के अनुसार ध्वज संहिता के अंतर्गत किसी भी व्यक्ति या निजी संस्था को तिरंगा फहराने का अधिकार नहीं था। 1992 में सबसे पहले प्रसिद्ध उद्योगपति तथा हरियाणा से लोकसभा सांसद नवीन जिंदल ने रायगढ़ में अपनी फैक्ट्री में तिरंगा फहराया। उस समय के स्थानीय कमिश्नर ने ध्वज आचार संहिता के तहत कार्यवाही करते हुए इसे अवैध ठहराया। इस कार्यवाही को जिंदल के द्वारा न्यायालय में चुनौती दी गई तथा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज को फहराने की स्वतंत्रता के लिए न्यायालय के माध्यम से ही उन्होंने एक लंबी लड़ाई लड़ना आरंभ किया। एक लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अंततः वर्ष 2005 में न्यायालय ने फैसला दिया कि निजी संस्था या किसी व्यक्ति को भी तिरंगा फहराने का अधिकार है, बशर्ते कि ध्वज आचार संहिता और तिरंगे के सम्मान का पूर्णता पालन किया जाए। और इस तरह आम आदमी को भी तिरंगा फहराने का अधिकार मिल गया।

भारतीय झंडा संहिता में नवीनतम संशोधन

यह गौरतलब है कि पहले केवल खादी के कपड़े का झंडा बनाने की अनुमति थी, लेकिन 30 दिसंबर 2021 को ध्वज को पॉलिएस्टर कपड़े से बनाने की अनुमति दे दी गई थी। साथ ही भारतीय झंडा संहिता के प्रावधानों के अनुसार तिरंगे झंडे को पहले सूर्योदय से केवल सूर्यास्त के बीच की अवधि में ही फहराया जा सकता था । झंडे को सूर्यास्त होने पर सम्मानपूर्वक उतारना आवश्यक था। किंतु अभी भारत सरकार द्वारा 20 जुलाई 2022 को जारी नवीनतम आदेश के अनुसार अब राष्ट्रीय ध्वज को दिन और रात में भी फहराया जा सकता है। इसलिए अब इसे सभी को फहराने की अनुमति है चाहे वह खुली जगह पर हो या किसी घर पर।

राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए

राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय निम्नलिखित बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।

1. ध्वजारोहण के समय झंडा फटा, मुड़ा हुआ या टूटा हुआ नहीं होना चाहिए।  इसे उचित स्थान पर फहराया जाना चाहिए।

2. कोई अन्य ध्वज भारत के राष्ट्रीय ध्वज को फहराने की ऊंचाई के बराबर या उससे अधिक ऊंचाई पर नहीं फहराया जाएगा।

3. झंडे का इस्तेमाल किसी भी तरह की सजावट के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

4. झंडा फहराते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि नारंगी रंग ऊपर रहे।

5. फूल, पत्ते, माला को झंडे के खंभे पर या झंडे के ऊपर नहीं रखना चाहिए।

6. झंडे पर कुछ भी नहीं लिखा होना चाहिए।  इसे किसी भी चीज को ढकने के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

7. ध्वजारोहण के लिए झंडा तैयार करते समय जरूरत पड़ने पर उसमें फूल भी लगाए जा सकते हैं।

8. राष्ट्रीय ध्वज फर्श पर नहीं होना चाहिए और न ही पानी पर तैरना चाहिए।

9. किसी भी प्रकार की पोशाक पर ध्वज का प्रयोग नहीं करना चाहिए।  साथ ही इसे कमर के नीचे नहीं लपेटना चाहिए।  इसे रूमाल, सोफा कवर, नैपकिन, अंडरवियर के लिए कपड़े के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

10. झंडा फहराते समय यह झंडे के दायीं ओर होना चाहिए।

अगर आप अपने घर पर झंडा फहराने की सोच रहे हैं तो बेशक फहराएं, तभी हर घर तिरंगा अभियान सफल हो पाएगा। लेकिन इन नियमों को ध्यान में अवश्य रखना चाहिए। अगर आपको यह जानकारी पसंद आई हो, तो इसे शेयर अवश्य कीजिएगा।

Leave a Comment

%d