सराहनीय: गुप्तदान के रूप में विद्यालय को दी एक लाख रुपए की स्टेशनरी

देहरादून, 16 मई,2026।

आजकल किसी की थोड़ी सी मदद करके फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की और सी दिखाई देती है, लेकिन राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ देहरादून की एसएमसी की बैठक में आज आश्चर्य जनक रूप से एक दानदाता ने अनूठी मिसाल पेश की।   राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में विद्यालय प्रबंधन समिति की शैक्षिक सत्र 2026-27 की प्रथम बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय पार्षद एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के पदेन सदस्य सोबत चंद्र रमोला ने की। बैठक में विद्यालय विकास, छात्रों की शैक्षिक प्रगति, विद्यालय संचालन की समयावधि एवं छात्रों की नियमित उपस्थिति, छात्रों की अपार आईडी बनाने, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण एवं बुक बैंक हेतु उन पुस्तकों की सुरक्षित वापसी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम इत्यादि मुद्दों पर चर्चा की गयी।

smc meeting in gps ramgarh

बैठक में एक दानदाता (जो अपना नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहते) द्वारा दी गयी एक लाख रूपये से अधिक मूल्य की स्टेशनरी छात्र-छात्राओं को वितरित की गयी। बैठक का शुभारंभ क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा द्वारा मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। बैठक में सर्वप्रथम एक दानदाता द्वारा छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के लिये उपलब्ध करायी गई एक लाख रूपये से अधिक मूल्य की स्टेशनरी का वितरण पार्षद महोदय एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा के कर-कमलों से किया गया। उन दानदाता द्वारा प्रत्येक छात्र के लिये 200 पेज की पांच कॉपी, एक ड्राइंग फाइल, एक पैकेट स्केच कलर, एक पैकेट वैक्स कलर, एक पेंसिल, एक इरेजर, बॉक्स फाइल बनाने हेतु एक फोल्डर तथा विद्यालय के लिये 50 क्रेप पेपर, दस कैंचियां, दस बोतल फेविकोल, दस स्केल तथा क्राफ्ट से संबंधित अन्य सामग्री भेंट की गई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने बताया कि इन दानदाता द्वारा गत वर्ष भी इसी तरह की सामग्री दान दी गई थी।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने इन दानदाता महोदय का तालियां बजाकर धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में प्रधानाध्यापक द्वारा नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 में छात्र-छात्राओं की शैक्षिक प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया तथा सभी अभिभावकों से अपने पाल्यों को निर्धारित समय पर नियमित रूप से विद्यालय भेजने का अनुरोध किया। साथ ही घर पर भी उनकी पढ़ाई-लिखाई में यथासंभव सहयोग करने का आह्वाहन किया। उन्होंने सभी अभिभावकों से विभाग की ओर से उनके बच्चों को निःशुल्क उपलब्ध कराई गई पाठ्य पुस्तकों को सुरक्षित रखने तथा शैक्षिक सत्र की समाप्ति पर बुक बैंक हेतु सही स्थिति में वापस करने का अनुरोध किया।


बैठक को संबोधित करते हुये क्षेत्रीय पार्षद एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के पदेन सदस्य सोबत चंद्र रमोला ने कहा कि उक्त दानदाता महोदय का यह एक सराहनीय प्रयास है और यह सामग्री विद्यालय तथा छात्रों के शैक्षिक क्रियाकलापों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ उनके क्षेत्र का एक बेहतरीन विद्यालय है और सभी अभिभावक अपने तथा अपने आसपास के सभी बच्चों को इस विद्यालय में पढ़ने के लिये भेजें। उन्होंने विद्यालय के विकास हेतु अपने स्तर से भी यथासम्भव सहयोग करने का आश्वासन दिया।


इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला, समाजसेवी अक्षत सकलानी, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापिका मीना घिल्डियाल, मधुलिका वीरेंद्र उनियाल, अभिभावक रूमा देवी, सरस्वती, जुलेखा, संजय, राजू, प्रमोद कुमार, भुनटुन दास, सीमा देवी, मनीषा पूजा, पूनम, लक्ष्मी देवी, मंजू देवी, लता, केशवर जहां, फराना, शमीमा, अंजू देवी समेत अनेकों अभिभावक एवं भोजन मातायें लक्ष्मी देवी, विमला देवी तथा नीलिमा थापा उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Exit mobile version