देहरादून, 20 अप्रैल। दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले पीएम ई विद्या चैनलों के लिए उत्तराखंड के शिक्षक अब स्वयं पाठ्यवस्तु का निर्माण कर सकेंगे। शिक्षकों द्वारा निर्मित पाठ्यवस्तु का प्रसारण पीएम विद्या चैनलों के माध्यम से विद्यार्थियों को सुलभ कराया जाएगा। इसके लिए एस सी ई आर टी उत्तराखंड द्वारा शिक्षकों का प्रशिक्षण सम्पन्न कराया जा चुका है।

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तराखंड, देहरादून में PM e-VIDYA DTH चैनलों हेतु आयोजित पाँच दिवसीय अभिमुखीकरण-सह-प्रशिक्षण कार्यशाला दिनांक 16 से 20 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई।
कार्यशाला में राज्य के विभिन्न जनपदों, DIET संस्थानों एवं विद्यालयों से आए लगभग 55 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन सत्र में PM e-VIDYA एवं CIET-NCERT से जुड़े विशेषज्ञों ने डिजिटल शिक्षा की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

द्वितीय दिवस पर NCERT के निदेशक प्रो. दिनेश प्रसाद सकलानी एवं CIET-NCERT के संयुक्त निदेशक प्रो. अमरेन्द्र प्रसाद बेहरा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए NEP-2020 आधारित गुणवत्तापूर्ण ई-कंटेंट निर्माण पर विशेष मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को स्क्रिप्ट लेखन, वीडियो रिकॉर्डिंग, कैमरा फेसिंग, वॉयस मॉड्यूलेशन एवं वीडियो एडिटिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

विशेषज्ञों ने कंटेंट को छात्र-केंद्रित, रोचक एवं प्रभावी बनाने के उपाय बताए।
अंतिम दिवस प्रतिभागियों द्वारा तैयार वीडियो का मूल्यांकन किया गया तथा कॉपीराइट, लाइसेंसिंग एवं डिजिटल कंटेंट के नैतिक उपयोग पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
यह कार्यशाला PM e-VIDYA चैनलों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी।