उद्यमिता एवं करियर मार्गदर्शन कार्यशाला में छात्रों को दी वित्तीय प्रबंधन और बैंकिंग की जानकारी

देहरादून 11 मार्च, 2026।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ा सरोली , देहरादून में करियर परामर्श एवं मार्गदर्शन (बालसखा) प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आज दिनांक 11 मार्च 2026 को एक उद्यमिता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संदर्भदाता प्रभजोत सिंह दुलत,सह संदर्भदाता वैभव डिमरी, ग्राम प्रधान सूरज राणा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य राम बाबू विमल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।


  कार्यशाला के मुख्य संदर्भ व्यक्ति प्रबंधक आईडीबीआई बैंक तपोवन देहरादून प्रभजोत सिंह दुलत ने छात्र-छात्राओं को कक्षा 12 के बाद विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध व्यावसायिक विकल्पों की जानकारी दी। वित्तीय प्रबंधन और बैंकिंग के क्षेत्र में करियर निर्माण पर विशेष व्याख्यान में उन्होंने बचत और निवेश के महत्व, वित्त के प्रबंध और बैंकों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी देने के उपरांत विद्यार्थियों के प्रश्नों और शंकाओं का समाधान भी किया। उन्होंने बताया कि बैंकों द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण लेकर भी स्वरोजगार के साधन स्थापित किए जा सकते हैं।


विद्यालय के प्रधानाचार्य राम बाबू विमल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 12वीं के बाद अनेक क्षेत्रों में नौकरी और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। कड़ी मेहनत कर उचित मार्गदर्शन के साथ बच्चे अपना भविष्य बना सकते हैं।इसी क्रम में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए विद्यालय में इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है।


विद्यालय के भौतिकी प्रवक्ता प्रदीप बहुगुणा, ग्राम प्रधान सूरज राणा, बैंक अधिकारी वैभव डिमरी ने भी इस अवसर पर छात्र छात्राओं को संबोधित कर स्वावलंबन, स्वरोजगार और सरकारी नौकरियों के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रदान की।

career counselling workshop at AUGIC saura saroli


इस अवसर पर विद्यालय को पेयजल हेतु आर ओ सिस्टम, फोटो कापी मशीन, तथा कम्प्यूटर जैसे भौतिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रधानाचार्य तथा ग्राम प्रधान द्वारा बैंक प्रबंधक को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता रसायन विज्ञान एवं समग्र शिक्षा प्रभारी दरबान सिंह भंडारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर भारती यादव, अनिरुद्ध ममगाईं,पुष्पा चौहान, गौरी घिल्डियाल, कंचन बहुगुणा,अनिता पुंडीर,राकेश रौथाण, विनय मोहन राणा, उदय प्रताप चंद, खुशबू, सुनील रावत, अरविंद भंडारी, कमला, बीना आदि शिक्षक,शिक्षिकाएं, कर्मचारी और सभी छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

Leave a Comment