पहल: नंदानगर के इन दूरस्थ विद्यालयों में अब स्मार्ट टीवी से होगी बच्चों की पढ़ाई

children to study with smart tv at nandanagar

देहरादून,दिनांक 06 फरवरी 2026।दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन एवं समग्र शिक्षा उत्तराखंड के सहयोग से जनपद चमोली के नंदा नगर विकासखंड के सात राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में सात स्मार्ट टीवी स्थापित किए गए हैं। यह पहल विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

इस कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन राजकीय प्राथमिक विद्यालय बंगाली, नंदानगर (चमोली) में आयोजित समारोह में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में नोड़ल अधिकारी एन0जी0ओ0 डॉ. बी. पी. मैंदोली द्वारा कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “परीक्षा पे चर्चा-2026” कार्यक्रम का प्रसारण भी संस्था द्वारा विद्यालय में स्थापित की गई स्मार्ट टीवी के माध्यम से देखा, जिससे डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत हुआ।


यह पहल प्राथमिक स्तर पर डिजिटल शिक्षा के विस्तार, शिक्षण गुणवत्ता में सुधार तथा छात्रों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। स्मार्ट टीवी के माध्यम से शिक्षकों को दृश्य-आधारित शिक्षण सामग्री, पाठ्यक्रम-आधारित डिजिटल कंटेंट एवं इंटरैक्टिव संसाधनों के उपयोग में सहायता मिलेगी, जिससे छात्रों की समझ, रुचि एवं शैक्षणिक उपलब्धियों में सकारात्मक वृद्धि होगी। जिन 07 विद्यालयों में यह स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराई जायेगी, उनका विवरण निम्नवत है:-

  1. राजकीय प्राथमिक विद्यालय लांखी
  2. राजकीय प्राथमिक विद्यालय सरपानी
  3. राजकीय प्राथमिक विद्यालय बंगाली
  4. राजकीय प्राथमिक विद्यालय पगनाराजकीय प्राथमिक विद्यालय कुण्डबगड़
  5. राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुण्डबगड़
  6. राजकीय प्राथमिक विद्यालय नारंगी
  7. राजकीय प्राथमिक विद्यालय सुतोल
    कार्यक्रम में समग्र शिक्षा से प्रदीप बिष्ट, जिला समन्वयक, लेखाकार समग्र शिक्षा- प्रकाश गौड, ब्लॉक रिसोर्स पर्सन  अंकिता बिष्ट, क्लस्टर रिसोर्स पर्सन दलबीर सिंह बिष्ट, विद्यालय प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि सहित बच्चों के अभिभावक एवं आम जनमानस उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से राकेश सती,  राधा कृष्ण मैन्दोली एवं दीक्षा श्रीवास्तव द्वारा कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई गयी।
    स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन की ओर से श्री वरुण भामरे (टेक्नोलाॅजी लीड) एवं डॉ. अजय सिंह (प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर) ने सहभागिता करते हुए तकनीक आधारित शिक्षण के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
    मुख्य अतिथि डॉ. बी. पी. मैंदोली ने कहा कि स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है और यह पहल दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
    श्री वरुण भामरे ने कहा कि यह सहयोग शिक्षकों और छात्रों दोनों के लिए शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं समृद्ध बनाएगा।
    यह पहल चमोली जैसे भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में डिजिटल अवसंरचना को मजबूत करने तथा शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

Leave a Comment

Exit mobile version