करियर काउंसलिंग कार्यशाला में बच्चों का किया मार्गदर्शन

career counselling workshop at gic ranakot

रणाकोट, 14 फरवरी। राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, रणाकोट में शनिवार को विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु करियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 11 एवं 12 के छात्र-छात्राओं को विभिन्न संकायों एवं कौशल आधारित क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार अवसरों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम में संदर्भदाता  मोहन चौहान, सहायक अध्यापक (कला), ने कला शिक्षा से संबंधित करियर अवसरों पर प्रकाश डालते हुए ड्राइंग एवं पेंटिंग शिक्षक, फाइन आर्ट्स, एप्लाइड आर्ट, ग्राफिक डिजाइन, एनीमेशन, फैशन डिजाइन, आर्ट थेरेपी, विज़ुअल आर्ट्स, इलस्ट्रेशन तथा कला प्रशिक्षक जैसे क्षेत्रों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कला शिक्षा रचनात्मकता को पेशे में बदलने का सशक्त माध्यम है और इसमें स्वरोज़गार की भी व्यापक संभावनाएँ उपलब्ध हैं।

संदर्भदाता सुनील कुमार सैनी, सहायक अध्यापक (वाणिज्य), ने कॉमर्स क्षेत्र में चार्टर्ड अकाउंटेंसी, बैंकिंग, बीमा, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल अकाउंटिंग, ई-कॉमर्स एवं उद्यमिता जैसे उभरते अवसरों से विद्यार्थियों को परिचित कराया।

प्रवक्ता जीव विज्ञान एवं करियर काउंसलिंग एवं गाइडेंस प्रभारी  सतीश जोशी ने अपने प्रस्तुतीकरण में आधुनिक कौशल आधारित करियर विकल्पों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल मार्केटिंग, डाटा विश्लेषण, साइबर सुरक्षा, विदेशी भाषाएँ, इंटीरियर डिजाइन, योग प्रशिक्षक तथा ग्रामीण एवं डिजिटल स्वरोज़गार जैसे क्षेत्रों में अल्पकालिक सर्टिफिकेट एवं डिप्लोमा कोर्सों की उपयोगिता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि “डिग्री के साथ कौशल विकास ही सफल करियर की कुंजी है।”

कार्यक्रम में पी टी ए अध्यक्ष राजेश रावत, प्रधानाचार्य शकुंतला रणाकोटी,  सोहन लाल भट्ट,  सीमा भण्डारी, अनीता बहुगुणा, अनीता रावत सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी वक्ताओं एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सजग एवं कौशल-सम्पन्न बनने की प्रेरणा दी।

Leave a Comment

Exit mobile version